टिफिन में बीफ लाया बच्चा फिर हिंदुओं को खिलाने की हुई कोशिश, मां अरेस्ट, एक्शन में स्कूल, 5 पॉइंट में जानें पूरा मामला
असम के गोलपाड़ा जिले के एक सरकारी स्कूल में मामला तब सामने आया जब कुछ छात्रों पर आरोप लगा कि वे बीफ को हिंदू छात्रों को खिलाने की कोशिश कर रहे थे. घटना के बाद अब पांच छात्रों को स्कूल से निकाले जाने का प्रस्ताव भी चर्चा में है.
असम के गोलपाड़ा जिले के एक सरकारी स्कूल में टिफिन को लेकर शुरू हुआ मामला अब बड़ा विवाद बन गया है. आरोप है कि एक छात्र अपने टिफिन में बीफ लेकर स्कूल पहुंचा था और बाद में कुछ हिंदू साथियों को भी उसे खाने के लिए कहा गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन, माता-पिता और पुलिस की एंट्री हुई, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया.
विवाद बढ़ने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्र की मां को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाबालिग छात्र को कानूनी प्रक्रिया के तहत किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया. वहीं, स्कूल प्रबंधन भी एक्शन मोड में है और पांच छात्रों को निकालने पर विचार कर रहा है. आइए 5 पॉइंट्स में समझते हैं कि पूरा मामला क्या है और अब तक क्या-क्या हुआ.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 5 जून को कक्षा 9 के पांच मुस्लिम छात्र अपने टिफिन में बीफ लेकर स्कूल पहुंचे थे. आरोप है कि उन्होंने अपने दो हिंदू साथियों को भी इसे खाने के लिए कहा. दोनों छात्रों ने इस बारे में शिक्षकों को जानकारी दी. शुरुआत में स्कूल प्रशासन ने मामले को स्कूल के भीतर ही सुलझाने की कोशिश की, क्योंकि यह एक संवेदनशील विषय था. लेकिन जब छात्रों ने घर जाकर घटना की जानकारी अपने परिवारों को दी, तो मामला तेजी से फैल गया.
पुलिस तक कैसे पहुंचा मामला?
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों की भी इसमें एंट्री हो गई. इसके बाद दो छात्रों के माता-पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. पुलिस के मुताबिक, टिफिन लाने वाले छात्र और उसकी मां के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने से जुड़े आरोपों में मामला दर्ज किया गया. चूंकि छात्र नाबालिग है, इसलिए उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया. वहीं, मां को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके अलावा, अन्य छात्राओं से पूछताछ चल रही है.
छात्रों का पक्ष क्या है?
स्थानीय छात्र नेताओं और कुछ लोगों का कहना है कि मामला उतना बड़ा नहीं था, जितना बाद में बना दिया गया. उनके अनुसार, छात्र आपस में टिफिन शेयर कर रहे थे. इसी दौरान दो अन्य छात्र वहां पहुंचे और उन्होंने पूछा कि टिफिन में क्या है. इसके बाद विवाद शुरू हुआ.
स्कूल क्या कार्रवाई करने जा रहा है?
स्कूल प्रबंधन विकास समिति (SMDC) के अध्यक्ष के अनुसार, बैठक में पांचों छात्रों को स्कूल से निकालने का प्रस्ताव रखा गया है. इस पर अंतिम फैसला समिति की बैठक में लिया जाएगा. इसके अलावा स्कूल ने छात्रों को केवल शाकाहारी खाना ही टिफिन में लाने का निर्देश भी दिया है.
शिक्षा से वंचित न करने की मांग
कुछ स्थानीय लोगों और छात्र संगठनों ने छात्रों को निष्कासित करने का विरोध किया है. उनका कहना है कि जो भी विवाद हुआ हो, लेकिन बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए. साथ ही क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की जरूरत है.




