IPL 2026: RR की हार के बाद KKR के लिए क्या होगा प्लेऑफ का समीकरण? PBKS को पछाड़ने के लिए करना है ये काम
आईपीएल 2026 में आज यानी 24 मई को 2 मुकाबले खेले जाने हैं, दोनों ही मुकाबले प्लेऑफ के नजरिए से बेहद अहम है. आज प्लेऑफ के लिए चौथी टीम का ऐलान भी हो जाएगा.
KKR IPL 2026
IPL 2026: आईपीएल 2026 में आज यानी 24 मई को 2 मुकाबले खेले जाने हैं, दोनों ही मुकाबले प्लेऑफ के नजरिए से बेहद अहम है. आज प्लेऑफ के लिए चौथी टीम का ऐलान भी हो जाएगा. पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा.
अगर इस मैच में राजस्थान जीत जाती है तो वो प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लेगी और पंजाब किंग्स-केकेआर दोनों बाहर हो जाएंगी, लेकिन अगर मुंबई इंडियंस जीत जाती है तो केकेआर के पास मौका होगा कि वो दिल्ली कैपिटल्स को बड़े अंतराल से हराकर अपना नेट रनरेट पंजाब किंग्स से बेहतर करके प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करें.
क्या होगा KKR के लिए समीकरण?
अगर राजस्थान मैच हारती है तो वह 14 अंकों पर सीजन खत्म करेगी. वहीं पंजाब किंग्स के खाते में पहले से 15 अंक हैं. ऐसे में अगर कोलकाता नाइट राइडर्स दिल्ली कैपिटल्स को हरा देती है, तो उसके भी 15 अंक हो जाएंगे. इस स्थिति में फैसला नेट रन रेट पर आकर टिक जाएगा. वर्तमान में पंजाब का नेट रन रेट कोलकाता से बेहतर है, जिससे वह आगे निकल सकती है. हालांकि कोलकाता की टीम पंजाब से अपना रन रेट बेहतर करने की पूरी कोशिश करेगी.
अगर कोलकाता पहले बल्लेबाजी करती है और 200 रन बनाती है, तो उसे दिल्ली कैपिटल्स को कम से कम 77 रनों से हराना होगा ताकि नेट रन रेट में सुधार हो सके. यदि कोलकाता 225 रन बनाती है, तो उसे लगभग 76 रनों से जीत दर्ज करनी होगी. वहीं अगर स्कोर 180 रन तक रहता है, तो उसे 78 रनों से जीत हासिल करनी होगी.
चेज को लेकर क्या है गणित?
अगर दिल्ली कैपिटल्स पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन बनाती है, तो कोलकाता को यह लक्ष्य 12 से 12.4 ओवर में हासिल करना होगा. अगर लक्ष्य 200 रन का होता है, तो KKR को इसे लगभग 12.1 से 12.4 ओवर में पूरा करना होगा. यह साफ है कि कोलकाता के लिए सिर्फ जीत पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि तेज और आक्रामक जीत ही प्लेऑफ की राह खोल सकती है.
क्या उलटफेर कर पाएगी KKR?
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए स्थिति कठिन जरूर है, लेकिन असंभव नहीं. अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम अगर सही रणनीति अपनाती है, तो वह बड़ा उलटफेर कर सकती है. अब पूरी नजरें इस आखिरी डबल हेडर पर टिकी हैं, जहां हर ओवर, हर रन और हर गेंद प्लेऑफ की किस्मत तय करेगी.




