टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत, डेब्यू में छाए मानव सुथार; अफगानिस्तान से 1 मैच में भारत को क्या-क्या मिला? 10 Points
भारत ने अफगानिस्तान को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में पारी और 300 रन से हराकर इतिहास की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की. आइए जानते हैं कि इस टेस्ट से भारत को क्या-क्या मिला...
भारत ने अफगानिस्तान को पहले टेस्ट मैच में हराया
India vs Afghanistan Test Match Highlights: भारत ने अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 300 रन से हरा दिया. भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 564 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की थी, जिसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 152, जबकि फॉलोआन खेलते हुए दूसरी पारी 112 रन पर सिमट गई. इस तरह भारत ने तीन दिन के अंदर टेस्ट में अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की.
भारत की इस जीत के नायक बने- कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन और मानव सुथार. सुथार ने अपने पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया. वहीं, सुंदर ने भी बल्ले और गेंद, दोनों से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. यह मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेला गया.
भारत -अफगानिस्तान टेस्ट मैच की 10 बड़ी बातें
- भारत ने पहली पारी में केएल राहुल और शुभमन गिल के शतक और साई सुदर्शन, ऋषभ पंत और वाशिंगटन सुंदर के अर्धशतकों की बदौलत 8 विकेट पर 564 रन बनाए. राहुल ने 100, गिल ने 126, सुदर्शन ने 81, पंत ने 81 और सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाए. यशस्वी जायसवाल ने 24, ध्रुव जुरेल ने 19, मानव सुथार ने 28. मोहम्मद सिराज ने 22 और कुलदीप यादव ने नाबाद 9 रनों का योगदान दिया.
- अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सफी ने 140 रन देकर 6 विकेट चटकाए. वहीं, जियाउर रहमान शरीफी और हशमतुल्लाह शहीदी ने 1-1 विकेट लिए.
- अफगानिस्तन की ओर से पहली पारी में रहमत शाह ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए. वहीं, अब्दुल मलिक ने 16, सेदिकुल्लाह अटल ने 17, रहमनुल्लाह गुरबाज ने 12, कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने 20, अफसर जजई ने 3, अजमतुल्लाह उमरजई ने 0, शरफुद्दीन अशरफ ने 11, Nangeyalia Kharote ने नाबाद 4, मोहम्मद सलीम सफी ने 0 और जियाउर रहमान शरीफी ने 6 रन बनाए.
- भारत की ओर से मानव सुधार ने पहली पारी में सबसे ज्यादा विकेट चटकाए. उन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही 33 रन देकर 6 विकेट लिए. उनके अलावा, प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 और वाशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट चटकाए.
- अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में 58.4 ओवर में 152 रन पर सिमट गई, जिसके बाद उसे फॉलोआन का सामना करना पड़ा. टीम ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े. उसके बाद दूसरे विकेट के लिए भी 32 रन की साझेदारी हुई. हालांकि, इसके बाद टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरती हुई चली गई और 35.5 ओवर में 112 रन पर ढेर हो गई.
- अफगानिस्तन की ओर से दूसरी पारी में सेदिकुल्लाह अटल ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए. वहीं, अब्दुल मलिक ने 8, रहमनुल्लाह गुरबाज ने 24, रहमत शाह ने 13, कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने 5, अफसर जजई ने 8, अजमतुल्लाह उमरजई ने 4, Nangeyalia Kharote ने 6, मोहम्मद सलीम सफी ने 0 और जियाउर रहमान शरीफी ने नाबाद 0 रन बनाए.
- भारत की ओर से दूसरी पारी में वाशिंगटन सुंदर ने 4 और कुलदीप यादव ने 3 विकेट चटकाए. वहीं, मानव सुथार और मोहम्मद सिराज को 1-1 विकेट मिला.
- पारी और 300 रनों से जीत भारत की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले 2018 में राजकोट में खेले गए टेस्ट में भारत ने वेस्टइंडीज को पारी और 272 रन से हराया था. इसके अलावा, अफगानिस्तान को उसने 2018 में ही बेंगलुरु में पारी और 262 रन से शिकस्त दी थी.
- पारी और 300 रन से मिली हार अफगानिस्तान की टेस्ट में सबसे बड़ी हार है. इससे पहले, उसे भारत के ही हाथों बेंगलुरु में पारी और 262 रन से हार का सामना करना पड़ा था.
- अफगानिस्तान का दूसरी पारी में 112 रन का टोटल उसका टेस्ट में तीसरा सबसे कम टोटल है. इससे पहले, वह 2018 में बेंगलुरु में 103 और 109 रन पर सिमट गई थी.
भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से क्या-क्या हासिल हुआ?
1. टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत : भारत ने रनों के अंतर (पारी के लिहाज से) से अपने टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है, इससे पहले भारत की सबसे बड़ी जीत 2018 में इसी अफगानिस्तान के खिलाफ (एक पारी और 262 रन) और वेस्टइंडीज के खिलाफ (एक पारी और 272 रन) थी.
2. डेब्यू मैच में छाए मानव सुथार: राजस्थान के युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार के रूप में भारत को एक नया स्टार मिला है. उन्होंने अपने डेब्यू मैच की पहली ही पारी में घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 33 रन देकर 6 विकेट चटकाए और अफगानी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.
3. शुभमन गिल की कप्तानी में निखार: बतौर टेस्ट कप्तान शुभमन गिल के लिए यह मैच मील का पत्थर साबित हुआ. उन्होंने न सिर्फ मैदान पर बेहतरीन कप्तानी और सटीक फील्डिंग सेट की, बल्कि सामने से नेतृत्व करते हुए पहली पारी में शतकीय पारी भी खेली.
4. केएल राहुल की फॉर्म में धमाकेदार वापसी : केएल राहुल ने ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार 100 रन बनाए. इस पारी से उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब दिया.
5. साई सुदर्शन के रूप में भविष्य का भरोसेमंद नंबर-3: चेतेश्वर पुजारा के बाद नंबर-3 पर एक मजबूत बल्लेबाज की तलाश साई सुदर्शन पर आकर रुकती दिख रही है. उन्होंने पहली पारी में बेहद परिपक्वता दिखाते हुए 81 रनों की ठोस पारी खेली और राहुल के साथ शतकीय साझेदारी की.
6. ऋषभ पंत की फॉर्म: विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भी शानदार बल्अंलेबाजी की. उन्होंने 81 रन की पारी खेलकर अफगानिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया.
7. स्पिन डिपार्टमेंट में बैकअप की ताकत : रविचंद्रन अश्विन के संन्यास लेने और रवींद्र जडेजा की अनुपस्थिति में मानव सुथार की इस जादुई गेंदबाजी ने चयनकर्ताओं को यह भरोसा दिया है कि भारत का स्पिन भविष्य सुरक्षित हाथों में है और टीम के पास मजबूत बैकअप मौजूद है.
8- WTC के लिए मिला आत्मविश्वास: भारत को इस जीत से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी (WTC) के आगामी मैचों के लिए आत्मविश्वास मिला है. अफगानिस्तान के खिलाफ यह मैच WTC का हिस्सा नहीं था.
9. सिराज और कृष्णा की शानदार गेंदबाजी: मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने मैच में शानदार गेंदबाजी की. सिराज ने दूसरी पारी में अब्दुल मलिक को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद अफगानिस्तान की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. कृष्णा ने भी पहली पारी में 3 विकेट चटकाए.
10. आगामी दौरों के लिए बढ़ा मनोबल: अफ़गानिस्तान पर इस एकतरफा डोमिनेंट जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है. यह जीत जून 2026 में होने वाले भारतीय टीम के आगामी सीमित ओवरों के विदेशी दौरों के लिए एक बेहतरीन टोन सेट करेगी.




