नाइटक्लब में ऐसा क्या कर बैठे बेन स्टोक्स? अब कप्तानी पर लटकी तलवार, 5 पॉइंट में जानें पूरा मामला
नाइटक्लब में हुई एक कथित झड़प के बाद इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स की मुश्किल बढ़ती हुई दिखाई दे रही है, जिसके चलते उनकी कप्तानी भी जा सकती है.
Ben Stokes Nightclub Controversy
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स एक नए विवाद में घिर गए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन कथित तौर पर टीम के देर रात कर्फ्यू का उल्लंघन कर लंदन के एक नाइट क्लब पहुंचे, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को जांच शुरू करनी पड़ी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाइट क्लब में हुई एक कथित झड़प के दौरान ECB के एक सुरक्षा गार्ड को चोट लग गई, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया. अब चर्चा इस बात की है कि क्या इस विवाद का असर बेन स्टोक्स की कप्तानी और गस एटकिंसन के अंतरराष्ट्रीय करियर पर पड़ सकता है.
पूरे मामले से जुड़ी 5 बड़ी बातें
1. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन कथित तौर पर लंदन के एक नाइट क्लब में गए. द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के मुताबिक स्टोक्स और एटकिंसन ने टीम के नए देर रात कर्फ्यू नियम का उल्लंघन किया और सारसेंस अकादमी के एक खिलाड़ी के साथ हाथापाई में उलझ गए.
2. बताया जा रहा है कि नाइट क्लब में मौजूद एक रग्बी खिलाड़ी और क्रिकेटरों के बीच कहासुनी हो गई. इसी दौरान कथित तौर पर एक मुक्का ECB के सुरक्षा गार्ड को लग गया, जो खिलाड़ियों के साथ मौजूद था. गार्ड को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई और बाद में उसे टांके लगवाने पड़े. हालांकि बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन को किसी प्रकार की चोट नहीं आई.
3. घटना सामने आने के बाद ECB ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वह सभी तथ्यों की जानकारी जुटा रहा है और उसके बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा. ECB ने अपने बयान में कहा "बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन सोमवार तड़के एक नाइटक्लब में मौजूद थे, तभी एक घटना घटी. हम फिलहाल और जानकारी जुटा रहे हैं, और दूसरे टेस्ट के लिए टीम की घोषणा जल्द ही की जाएगी."
4. ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यदि जांच में खिलाड़ियों की भूमिका गंभीर पाई जाती है तो बेन स्टोक्स की कप्तानी पर सवाल उठ सकते हैं. हालांकि अभी तक ECB ने इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन क्रिकेट जगत में इस संभावना को लेकर चर्चाएं तेज हैं.
5. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गस एटकिंसन के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है. यदि ECB सख्त रुख अपनाता है तो उन्हें आगामी मैचों से बाहर बैठना पड़ सकता है. हालांकि जांच पूरी होने तक किसी भी खिलाड़ी के खिलाफ अंतिम फैसला नहीं लिया गया है. रिपोर्ट में ECB से जुड़े सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि क्रिकेटरों को इस घटना में हमलावर नहीं माना जा रहा है.




