Begin typing your search...

‘हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं’, भारत को ‘Hellhole’ कहने पर भड़के Marco Rubio; H-1B- F1 और J1 वीजा पर क्या कहा?

दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीयों के खिलाफ कथित नस्लभेदी टिप्पणियों पर सवाल पूछे जाने पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं. उन्होंने भारत-अमेरिका रिश्तों को मजबूत बताते हुए कहा कि अमेरिकी इमिग्रेशन बदलाव सिर्फ भारत के लिए नहीं, पूरी दुनिया के लिए हैं.

Marco Rubio
X

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

( Image Source:  ANI )

Marco Rubio Response Racist Remarks: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारत यात्रा के दौरान दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस उस वक्त अचानक चर्चा का केंद्र बन गई, जब उनसे भारतीयों के खिलाफ कथित नस्लभेदी टिप्पणियों को लेकर तीखा सवाल पूछा गया. सवाल सुनते ही रुबियो ने जवाब दिया, “दुनिया के हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं.”

दरअसल, संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने अमेरिका में भारतीयों को लेकर की गई कथित नस्लभेदी टिप्पणियों और सोशल मीडिया पोस्ट्स पर सवाल उठाया. यह मामला उस पोस्ट के बाद चर्चा में आया था, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रीशेयर किया था. उस पोस्ट में भारत को 'hellhole' कहा गया था. हालांकि बाद में ट्रंप ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए सफाई भी दी थी.

अमेरिका में भी बेवकूफ लोग हैं: रुबियो

जब पत्रकार ने इस मुद्दे का जिक्र किया तो रुबियो ने पूछा, “यह टिप्पणी किसने की?” पत्रकार ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि वह पोस्ट काफी चर्चित रही है और सबने देखी है. इस पर रुबियो ने कहा, “मैं इस पर क्या कहूं, लेकिन मैं इसे गंभीरता से लेता हूं. सोशल मीडिया पर हर जगह कुछ लोग बेवकूफी भरी बातें करते हैं. अमेरिका में भी ऐसे लोग हैं और यहां भी होंगे.”

'भारतीय समुदाय ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाई'

रुबियो ने इसके बाद अमेरिका को 'बेहद स्वागत करने वाला देश' बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था और समाज को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है. अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, “हमारा देश दुनिया भर से आए लोगों से मजबूत हुआ है. भारतीय समुदाय ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 20 बिलियन डॉलर से ज्यादा का योगदान दिया है और हम चाहते हैं कि यह आंकड़ा आगे भी बढ़े।”

अमेरिकी इमिग्रेशन सिस्टम में बदलाव पूरी दुनिया के लिए है: रुबियो

प्रेस कॉन्फ्रेंस में H-1B, F1 और J1 वीजा को लेकर भी सवाल पूछे गए. रुबियो ने साफ किया कि अमेरिकी इमिग्रेशन सिस्टम में जो बदलाव किए जा रहे हैं, वे सिर्फ भारत के लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए हैं. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका को बड़े माइग्रेशन संकट का सामना करना पड़ा, जहां करोड़ों लोग अवैध रूप से देश में दाखिल हुए. ऐसे में इमिग्रेशन सिस्टम को आधुनिक और सख्त बनाना अमेरिका के राष्ट्रीय हित का हिस्सा है.

भारत को टारगेट करने के लिए नहीं है नीति: रुबियो

रुबियो ने कहा, “यह नीति भारत को टारगेट करने के लिए नहीं है. हमारा लक्ष्य बेहतर और व्यवस्थित इमिग्रेशन सिस्टम बनाना है. ” इस दौरान S. Jaishankar भी उनके साथ मौजूद रहे. दोनों नेताओं के बीच हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई, जिसमें ऊर्जा, व्यापार, टेक्नोलॉजी, सुरक्षा और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई. अमेरिका के भारत में राजदूत Sergio Gor ने भी सोशल मीडिया पर कहा कि भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी बेहद अहम है. आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्तों में अपार संभावनाएं हैं.

रुबियो की यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही है, जब भारत-अमेरिका संबंधों में व्यापार शुल्क, वीजा नियमों और भू-राजनीतिक मुद्दों को लेकर कुछ तनाव भी देखने को मिला है. बावजूद इसके, दोनों देश रिश्तों को मजबूत दिशा में आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं.

अमेरिका
अगला लेख