‘I Love India, PM Modi Is Great’; जब ट्रंप ने अचानक किया कॉल, कहा- भारत जब चाहे अमेरिका साथ खड़ा मिलेगा- VIDEO
दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक ऑडियो कॉल कर पीएम मोदी को अपना 'दोस्त' और 'महान नेता' बताया. इस मौके पर भारत-अमेरिका रिश्तों, ट्रेड डील और रणनीतिक साझेदारी को लेकर भी बड़े संकेत मिले.
ट्रंप ने अचानक किया ऑडियो कॉल
Donald Trump Surprise Call At US Embassy Event In Delhi: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नई दिल्ली में आयोजित अमेरिकी दूतावास के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अचानक ऑडियो कॉल कर सबको चौंका दिया. इस दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ करते हुए कहा, “I love PM Modi… Modi is great, he is my friend.” ट्रंप का यह संदेश उस वक्त आया जब भारत-अमेरिका रिश्तों को लेकर दोनों देशों के बीच लगातार उच्चस्तरीय बातचीत चल रही है.
कार्यक्रम में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर मौजूद थे. ट्रंप ने फोन पर कहा कि अमेरिका और भारत पहले से कहीं ज्यादा करीब हैं. भारत जब भी मदद चाहे, अमेरिका उसके साथ खड़ा रहेगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका रिकॉर्ड इकोनॉमी और रिकॉर्ड स्टॉक मार्केट की तरफ बढ़ रहा है और वह खुद पीएम मोदी के 'बहुत बड़े फैन' हैं.
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने क्या कहा?
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी कार्यक्रम में ट्रंप और मोदी की व्यक्तिगत दोस्ती का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब भी उनकी ट्रंप से बातचीत होती है, राष्ट्रपति सबसे पहले पूछते हैं, “मेरे दोस्त प्रधानमंत्री मोदी कैसे हैं?” गोर ने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी अब 'नई वैश्विक साझेदारी' का आधार बन चुकी है और दोनों देश व्यापार, निवेश, रक्षा और टेक्नोलॉजी में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.
गोर ने दावा किया कि भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने इस साल अमेरिका में 20.5 बिलियन डॉलर के नए निवेश लाने में दुनिया में पहला स्थान हासिल किया. उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देशों के बीच एक अंतरिम ट्रेड डील पर काम चल रहा है, जिस पर आने वाले कुछ हफ्तों में हस्ताक्षर हो सकते हैं.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने क्या कहा?
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी अपने संबोधन में भारत-अमेरिका रिश्तों को बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच साझा मूल्य और रणनीतिक हित हैं, जिनकी वजह से दोनों देश लगातार करीब आ रहे हैं. रुबियो ने विदेश मंत्री एस जयशंकर की तारीफ करते हुए कहा कि Quad बैठक के दौरान उनकी पहली मुलाकात हुई थी और तब से दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत हुए हैं.
जयशंकर ने क्या कहा?
जयशंकर ने अपने संबोधन में कहा कि रुबियो की भारत यात्रा मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत-अमेरिका संबंधों की अहमियत को दर्शाती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले साल दोनों देशों की साझेदारी को नई दिशा देने का विजन तय किया था और अब उसी दिशा में तेजी से काम हो रहा है.
इस दौरान रुबियो से अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियों को लेकर भी सवाल पूछा गया. जवाब में उन्होंने कहा, “हर देश में कुछ मूर्ख लोग होते हैं” और अमेरिका ऐसी टिप्पणियों को गंभीरता से लेता है. रुबियो ने कहा कि अमेरिका एक स्वागत करने वाला देश है और भारतीय समुदाय ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था और समाज को मजबूत बनाने में बड़ा योगदान दिया है.




