क्या पाकिस्तानी हैं कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोवर्स? बीजेपी के दावों का दीपके ने दिया ज़ोरदार जवाब
सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब राजनीतिक विवाद के केंद्र में आ गई है. बीजेपी नेताओं ने इस कैंपेन पर पाकिस्तान से जुड़े फॉलोअर्स का आरोप लगाया है, जबकि फाउंडर अभिजीत दीपके ने इन दावों को गलत बताया है.
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक नई ऑनलाइन सनसनी बनकर उभरी है कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party). यह नाम थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन यह युवाओं के बीच काफी चर्चा में है. बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं पर मीम्स, वीडियो और सरकास्टिक कमेंट के जरिए यह कैंपेन लोगों का ध्यान खींच रहा है. लेकिन इसकी बढ़ती लोकप्रियता अब बड़े राजनीतिक विवाद में बदल गई है.
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई बड़े नेताओं ने कॉकरोच जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि इस कैंपेन की लोकप्रियता के पीछे पाकिस्तान की भूमिका है. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और बीजेपी नेता सुकांत मजूमदार ने खुलकर यह दावा किया कि इस पार्टी के फॉलोअर्स में पाकिस्तान से आने वाले लोगों की संख्या बहुत ज्यादा है.
49 प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान
सुकांत मजूमदार ने तो यहां तक कह दिया कि कॉकरोच जनता पार्टी के प्लेटफॉर्म पर 49 प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान से हैं, जबकि भारत से सिर्फ 9 प्रतिशत ही हैं. किरेन रिजिजू ने भी सोशल मीडिया पर तीखा पोस्ट लिखा. उन्होंने लिखा, 'मुझे उन लोगों पर तरस आता है जो अपने सोशल मीडिया फॉलोअर्स पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस गैंग में ढूंढते रहते हैं.'
'बॉर्डर क्रॉस ऑपरेशन'
केरल बीजेपी के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने और भी आगे बढ़कर आरोप लगाया. उन्होंने इसे 'सीमा पार से प्रभावित करने वाला ऑपरेशन' (Cross-Border Influence Operation) बताया. राजीव चंद्रशेखर ने एक्स पर लिखा कि आजकल सोशल मीडिया, बॉट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके दूसरे देशों को अस्थिर करने की कोशिशें की जाती हैं. उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी ताकतें भी इस कैंपिंग को हवा दे रही हैं. उनका मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे कुछ विदेशी ताकतों को परेशानी हो रही है.
अभिजीत दीपके का जवाब
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने साफ कहा कि बीजेपी नेताओं का दावा पूरी तरह गलत है. अभिजीत दीपके ने अपनी फ़ॉलोअर्स के आंकड़ों का स्क्रीनशॉट शेयर किया. उन्होंने दावा किया कि उनके प्लेटफॉर्म पर 94 प्रतिशत से भी ज्यादा यूजर्स भारत से हैं. उन्होंने पूछा, 'जब ज्यादातर दर्शक भारतीय हैं, तो केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी क्यों बता रहे हैं?. अभिजीत ने यह भी आरोप लगाया कि जब से उनका कैंपेन सुर्खियों में आया है, तभी से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक साथ कार्रवाई शुरू हो गई है. उन्होंने कहा कि उनके अकाउंट को हैक करने की कोशिश भी की गई.
क्यों हुई इतनी लोकप्रियता?
कॉकरोच जनता पार्टी की सफलता का कारण युवाओं की नाराजगी है. आजकल युवा बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा की खराब व्यवस्था और बार-बार हो रहे पेपर लीक जैसे मुद्दों से काफी परेशान हैं. इस कैंपेन ने इन समस्याओं को मजेदार लेकिन कड़वे अंदाज में उठाया, जिसकी वजह से युवा पीढ़ी इसे पसंद करने लगी. मीम्स और छोटी-छोटी वीडियोज के जरिए यह मुद्दे आम लोगों तक आसानी से पहुंच रहे हैं.
विवाद का असर
यह विवाद अब सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रह गया है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि देश को अस्थिर करने वाले नैरेटिव को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए. वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक कह रहे हैं कि सरकार आलोचना बर्दाश्त नहीं कर पा रही है, इसलिए इसे पाकिस्तानी एजेंडा बता रही है. राजीव चंद्रशेखर ने अपने पोस्ट में जोर देकर कहा, 'कोई तिलचट्टा, कोई विपक्षी नेता, कोई मोदी-विरोधी जोकर या कोई विदेशी ताकत प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित भारत' के सपने को रोक नहीं सकती.'




