Begin typing your search...

टीशर्ट पहनने वाली तलाक को न्योता देती हैं, पहली बीवी पायल के लिए Armaan Malik के अजीब बयान, यूजर्स बोले- तू है ही बेशर्म

यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 3 फेम अरमान मलिक अपने एक नए व्लॉग को लेकर विवादों में आ गए हैं. पत्नी पायल मलिक के कपड़ों पर की गई टिप्पणी और तलाक की धमकी वाले बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है.

टीशर्ट पहनने वाली तलाक को न्योता देती हैं, पहली बीवी पायल के लिए Armaan Malik के अजीब बयान, यूजर्स बोले- तू है ही बेशर्म
X
( Image Source:  Instagram: armaan__malik9 )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय6 Mins Read

Updated on: 9 Jun 2026 5:32 PM IST

सोशल मीडिया की चकाचौंध के पीछे छिपी शादियां और उनके रिश्ते अक्सर कैमरे के सामने जितने खुशनुमा दिखते हैं, कैमरे के पीछे की हकीकत उतनी ही चौंकाने वाली होती है. ऐसा ही कुछ देखने को मिला है मशहूर यूट्यूबर और 'बिग बॉस ओटीटी 3' फेम अरमान मलिक (Armaan Malik) के हालिया व्लॉग में. अपने पारिवारिक ड्रामा और दो शादियों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले अरमान मलिक एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं. इस बार वजह कोई पुराना झगड़ा नहीं, बल्कि अपनी पहली पत्नी पायल मलिक के पहनावे को लेकर दिया गया उनका एक बेहद विवादित बयान है. अरमान ने अपनी दूसरी पत्नी कृतिका मलिक के सामने पायल को कपड़ों की वजह से न सिर्फ टोका, बल्कि सरेआम तलाक तक की धमकी दे डाली. इस वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट पर भूचाल आ गया है और लोग अरमान मलिक को जमकर ट्रोल कर रहे हैं.

क्या है पूरा मामला

अक्सर अपने डेली लाइफ व्लॉग्स में अपनी आलीशान जिंदगी दिखाने वाले अरमान मलिक ने हाल ही में एक नया वीडियो अपलोड किया. इस वीडियो में सब कुछ नॉर्मल चल रहा था, लेकिन तभी अरमान मलिक अपनी पहली पत्नी पायल के कपड़ों को देखकर भड़क गए. सुबह के वक्त पायल टी-शर्ट और हाफ लोअर पहनकर बाहर आई थीं, जो अरमान को बिल्कुल रास नहीं आया. अरमान ने कैमरे के सामने ही पायल के पहनावे पर आपत्ति जताई और शिकायत की कि उन्होंने पायल के लिए नई नाइटी खरीदी थी, इसके बावजूद वह सुबह-सुबह टी-शर्ट और शॉर्ट्स में घूम रही हैं. जब पायल ने अपनी सफाई में कहा कि सुबह के वक्त बच्चे को संभालना उनकी पहली प्रायर्टी थी और काम की व्यस्तता के कारण उन्होंने जो हाथ में आया पहन लिया, तो अरमान का गुस्सा शांत होने के बजाय और बढ़ गया.

'लोअर टी-शर्ट में घूमोगी तो पति कैसे प्यार करेगा'

पायल की मजबूरी और तर्क को नजरअंदाज करते हुए अरमान मलिक ने अपनी दूसरी पत्नी कृतिका की मौजूदगी में पायल पर तीखे तंज कसे. अरमान ने वीडियो में कहा, 'मैं रोज़-रोज़ कपड़े नहीं लेकर आऊंगा. पहनके दिखाओ तो मुझे... फिर बाद में महिलाएं कहती हैं कि भाई हमारा पति हमसे प्यार नहीं करता, हम तो ऐसे ही हैं. अगर तुम चौबीसों घंटे लोअर और टी-शर्ट में घूमोगी, तो पति कहां से प्यार करेगा? 2 महीने में तलाक दे दूंगा तुम्हें. अपने आप को जितना संवार कर रख सकती हो, उतना रखो ना भाई.' अरमान का यह बयान सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया. अपनी ही पत्नी को कपड़ों के आधार पर प्यार मापने और दो महीने में तलाक देने की बात कहना लोगों को बेहद नागवार गुजरा. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि यह सारी बातें अरमान अपनी दूसरी पत्नी कृतिका के सामने कह रहे थे, जिसे देखकर नेटिजन्स का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

इंटरनेट का फूटा गुस्सा

जैसे ही यह व्लॉग यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुआ, यूजर्स ने अरमान मलिक की क्लास लगानी शुरू कर दी. लोगों ने अरमान की सोच को 'पितृसत्तात्मक' और 'अपमानजनक' करार दिया. कमेंट सेक्शन में आलोचनाओं की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने गुस्से में लिखा, 'अरमान हमेशा पायल की ही आलोचना करता है और कृतिका का पक्ष लेता है. पायल घर और बच्चों को संभालती है, फिर भी उसे ही बातें सुननी पड़ती हैं.' दूसरे यूजर ने अरमान की सोच पर सवाल उठाते हुए पूछा, 'तो क्या एक पति का प्यार सिर्फ पत्नी के रूप-रंग और उसके कपड़ों पर आधारित होता है? यह कैसी घटिया सोच है.' एक अन्य कमेंट में यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, 'अरमान खुद वीडियो में ढीली-ढाली टी-शर्ट पहने बैठा है, खुद पर कोई नियम लागू नहीं होता क्या? कितनी बेशर्मी है.' एक निराश यूजर ने कहा, 'इस इंसान की सोच ही खराब है, यह कैसा पति है जो अपनी पत्नी को बच्चों की देखभाल के बदले ऐसी बातें सुना रहा है. यह सब हमारे समाज में नॉर्मल क्यों माना जाता है, यह मेरी समझ से परे है.'

कौन हैं अरमान मलिक?

जो लोग अरमान मलिक के बैकग्राउंड से वाकिफ नहीं हैं, उन्हें बता दें कि अरमान मलिक का असली नाम संदीप है. वह मूल रूप से हरियाणा के हिसार के रहने वाले हैं. एक वक्त था जब संदीप उर्फ अरमान दिल्ली आने से पहले एक प्राइवेट बैंक में मामूली नौकरी किया करते थे. लेकिन उनके सपने बड़े थे. वह दिल्ली आए और उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म का रुख किया. टिकटॉक और बाद में यूट्यूब पर कंटेंट क्रिएशन के जरिए उन्होंने तेजी से लोकप्रियता हासिल की. आज उनके यूट्यूब पर मिलियन में सब्सक्राइबर्स हैं और वे एक आलीशान जिंदगी जीते हैं.

'दो शादियों' का विवादित ताना-बाना

अरमान मलिक की लोकप्रियता और विवादों की सबसे बड़ी वजह उनका पारिवारिक ढांचा है. अरमान ने दो शादियां की हैं. उनकी पहली पत्नी का नाम पायल है और दूसरी पत्नी का नाम कृतिका है. दिलचस्प और हैरान करने वाली बात यह है कि ये दोनों पत्नियां एक ही घर में बेहद प्यार से साथ रहती हैं. अरमान और उनकी दोनों पत्नियों के कुल चार बच्चे हैं।

'बिग बॉस ओटीटी 3' से मिली पहचान

यूट्यूब पर तो अरमान मलिक एक जाना-माना नाम थे ही, लेकिन उन्हें असली पहचान तब मिली जब उन्होंने 21 जून 2024 को शुरू हुए 'बिग बॉस ओटीटी सीजन 3' में अपनी दोनों पत्नियों, पायल और कृतिका के साथ एंट्री ली. भारतीय टेलीविजन और रियलिटी शो के इतिहास में यह पहली बार था जब कोई शख्स अपनी दो पत्नियों के साथ किसी शो का हिस्सा बना था. शो के दौरान भी उनकी दो शादियों को लेकर काफी बहस हुई थी.

Viral Video
अगला लेख